जम्मू-कश्मीर: केंद्र सरकार ने जबसे पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगाए, उससे बौखलाकर पाकिस्तान आए दिन एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी कर रहा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत का कूटनीतिक दबाव झेल नहीं पा रहा पाकिस्तान बौखलाहट में नियंत्रण रेखा को तनाव पूर्ण बनाये रखना चाहता है। इसी क्रम में पाकिस्तान सैनिकों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर क्षेत्रों के सामने नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की। पाकिस्तान की गोलीबारी का भारतीय सेना तुरंत और उचित जवाब दे रही हैं। पाकिस्तान रात में अंधेरा गहराते ही गोलीबारी करने में लग जाता है। वह एलओसी से सटे जिलों में पिछले आठ दिन से गोलीबारी कर रहा है। पाकिस्तान ने गुरुवार की रात में भी उसने फायरिंग की। जिसका भारतीय सेना ने संयमित होकर करारा जवाब दिया। जम्मू-कश्मीर में एलओसी से पांच जिले लगते हैं और अब शनिवार को भी पाक सैनिकों ने सीमा पर गोलीबारी की। गुरुवार की रात को पाकिस्तानी सैनिकों ने हल्के हथियारों से कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी के नौशहरा और जम्मू के अखनूर सेक्टर में गोलीबारी की। इस गोलीबारी से पाकिस्तान सीमा पर सैन्य तनाव बढ़ाने की कोशिश में है। पाकिस्तानी सैनिकों की मंशा भारतीय जवानों को उकसाने वाली रहती है। पाकिस्तानी सैनिकों की प्रत्येक दुस्साहस का भारतीय जवान मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।