लुधियाना: लुधियाना शहर के शेरपुर इलाके में मंगलवार को छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर देने का मामला सामने आया। मिली जानकारी के मुताबिक हत्या के बाद बच्ची के शव को कंबल में लपेट पास ही की एक फैक्ट्री की छत पर फेंक दिया गया। फैक्ट्री की छत टीन वाली होने के कारण
बच्ची के गिरने की आवाज सुनकर लोग इकट्ठा हो गए। इस सब के चलते घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात पर हत्या और दुष्कर्म केस दर्ज कर छह लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बच्ची के माता-पिता बिहार के अरवल जिले के रहने वाले हैं। इलाके में ही वह एक वेहड़े में किराये पर रहते हैं। परिवार में एक बेटी छह साल और दूसरी बच्ची ढाई वर्ष के करीब की है, जबकि बेटा की आयु दस वर्ष है। माता-पिता एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। दोनों सुबह ढाई वर्षीय बेटी को साथ लेकर फैक्ट्री में काम पर चले गए थे। कमरे में एक बेटा और बेटी दादी के पास ही थे। दोपहर के समय में दोनों बच्चे कमरे के बाहर ही खेल रहे थे। इसी के चलते भाई कुछ देर के लिए कमरे में गया और जब बाहर आया तो बच्ची वहां नहीं थी। कुछ देर बाद वेहड़े के पीछे वाली फैक्ट्री की टीन वाली छत पर कुछ गिरने की आवाज आई। जब वहां काम कर रही महिलाओं ने छत पर गिरे कंबल को हटाकर देखा तो उसमें बच्ची का अर्धनग्न शव पड़ा था। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान सीआइए और फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कई सी सी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला है, जिसमें से कई अहम सबूत मिले हैं। अभी पुलिस मामले की हर ऐंगल से बारिकी से जाँच कर रही है ताकि जल्द से जल्द दोषी को पकड़ा जा सके।