नई दिल्लीः भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों ने पाकिस्तान के रावलपिंडी की जेल में दो भारतीय कैदियों से मुलाकात की है। पाकिस्तानी एजेंसियों ने फिरोज अहमद लोन और नूर मुहम्मद वानी नामक इन दोनों भारतीय युवाओं को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों युवाओं को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित-बाल्टिस्तान इलाके से साल 2020 में गिरफ्तार किया गया था। यह दोनों युवा जम्मू-कश्मीर के गुरेज क्षेत्र बांदीहुरा कस्बे के रहने वाले हैं। पहले दोनों युवाओं को गिलगित-बाल्टिस्तान जेल में रखा गया था, हाल ही में उनको आदियाला की जेल स्थानांतरित किया गया। इसी के चलते भारत सरकार की ओर से दोनों भारतीय कैदियों को कानूनी सहायता देने की अर्जी दी। जिसको पाकिस्तान सरकार ने स्वीकार कर लिया गया। इस सबके बाद भारतीय उच्चायोग के अधिकारी रावलपिंडी की आदियाला जेल में उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के अधिकारी भी वहां मौजूद रहे।