लुधियाना: आज कल पंजाब में भीषण गर्मी पड़ रही हैं। गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। जिसने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। आज के हालात यह हैं कि रातें भी गर्म और उमस भरी हो गई हैं। कई इलाकों में तेज धूप और चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को बुरी तरह झुलसा दिया।
मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। इस प्रचंड गर्मी ने न केवल लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित किया है, बल्कि बाजारों और दैनिक गतिविधियों पर भी गहरा असर डाला है। पंजाब के जिलों में गर्मी की इस लहर ने शहर के लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। गर्मी का असर स्थानीय बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इससे दूकानदार भी कारोबार में मंदी महसूस कर रहे हैं। आमतौर पर देखा जा रहा हैं कि लोग दोपहर की तपती धूप से बचने के लिए सड़कों पर छायादार स्थानों का सहारा ले रहे हैं। लोगों का कहना हैं कि गर्म हवाओं से चेहरा जल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार इस साल गर्मी का प्रकोप पिछले कुछ वर्षों की तुलना में अधिक है। उच्च दबाव का क्षेत्र और कम नमी के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिसके लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिसके लिए लोगों को पहले से तैयार रहने की जरूरत है।