मुंबई: एक विदेशी महिला महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के जंगल में लोहे की जंजीर से एक पेड़ से बंधी हुई पाई गई। महिला को देखकर उसकी आयु 50 साल के करीब लग रही थी। उसको देखने से यह भी लग रहा था कि उसने कई दिन से कुछ खाया पीया नहीं होगा। पुलिस ने मीडिया को जानकारी देते बताया कि सोनुरली गांव में एक चरवाहे ने शनिवार को शाम के समय चीख सुनाई दी थी। इसके बाद चरवाहे ने महिला को एक पेड़ में जंजीरों से बंधा हुआ देखा, जिसकी जानकारी उसने पुलिस को दी। मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला को सिंधुदुर्ग इलाके के एक अस्पताल में ले जाया गया। यहां पर महिला की मानसिक स्थिति और स्वास्थ्य को देखते हुए, महिला को इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज में लाया गया। वहां पर डॉक्टरो ने महिला का इलाज शुरू कर दिया। पुलिस को महिला के उसके तमिलनाडु के पते वाला आधार कार्ड सहित महिला के ही अमेरिकी पासपोर्ट की एक फोटोकॉपी भी मिली है। पता चला है कि महिला की पहचान ललिता कायी के रूप में हुयी है और उसका वीजा समाप्त हो चुका है।