मुंबई: आज सुबह करीब 4 बजे के करीब बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर दो अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। जानकारी के मुताबिक हमलावर बाइक पर सवार थे और हमलावरों ने सलमान खान के घर पर 4-5 राउंड फायरिंग की। घटना की सुचना मिलते ही मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है। पुलिस प्रसाशन का कहना है कि अभिनेता के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर आज सुबह हवा में फायरिंग की गई है। दो बाइक सवार हमलावरों ने घर के बाहर हवा में कई राउंड फायर किये और भाग गए। गोलीबारी करने वाले दोनों हमलावरों ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद क्राइम ब्रांच की टीम अब जांच कर रही है।वहीं, इसके साथ फॉरेंसिक टीम भी घर के बाहर गोली के निशानों को चिन्हित कर रही है। आपको बता दें कि अभिनेता सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी है। सलमान को धमकी भरा एक ई-मेल मिला था, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मुंबई जोन 9 के डीसीपी राजतिलक ने मीडिया को बताया कि हमलावरों का पता लगाने के लिए मुंबई पुलिस जुटी हुई है। मामले की जांच के लिए 15 टीमें बनाई गई है। घर के आसपास लगे सी सी कैमरों को जांचा जा रहा है। घटना के बाद शंका जाहिर की जा रही है कि हमलावरों ने गोलीबारी करने से पहले रेकी की होगी। स्थिति को देखते हुए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।