नई दिल्लीः ताइवान में 2 अप्रैल को बुधवार के दिन सुबह जोरदार भूंकप आया है। भूवैज्ञानिको के मुताबिक इस भूकंप की तीव्रता 7.7 आंकी गई है। ताइवान में भूकंप के झटकों से शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल रही, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ताइवान में भीषण भूकंप के बाद दक्षिणी जापान और फिलीपींस के द्वीपों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि वैसे तो ताइवान में भूकंप आना आम हैं, लेकिन इस बार का भीषण होने के कारण भूकंप कुछ अलग था। ताइवान के लोगों का कहना है कि भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के चलते ह्यूलिन और ताइपे की मौजूदा स्थिति काफी डरावनी हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने मीडिया को बताया कि जापान में भूकंप के बाद सुनामी आने वाली अटकलों को टाल दिया गया है। फिलहाल ऐसा कोई अलर्ट नहीं है। ताइवान के अग्निशमन विभाग ने बुधवार को बताया कि द्वीप के पूर्वी तट पर 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद अब तक एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 50 से अधिक घायल हो गए हैं।
भीषण भूकंप के कारण ढही इमारतों में दबे हुए जिंदा बचे लोगों की बचावकर्मी तलाश कर रहे हैं। न्यू ताइपे शहर के झिंडियन जिले में इमारतों को नुकसान पहुंचा। ताइवान में आए भूकंप में अभी तक एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है। इंडिया ताइपे एसोसिएशन ने भूकंप को देखते हुए ताइवान में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन स्थापित की है। मोबाइल नंबर 0905247906 और ईमेल ad.ita@mea.gov.in जारी किया गया है।