चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के घर बेटी का जन्म हुआ है। इसकी जानकारी खुद सीएम ने पोस्ट करके दी है। मान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि भगवान ने मुझे एक बेटी का आशीर्वाद दिया है। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सीएम मान फिर पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बेटी को जन्म दिया है। भगवंत मान ने जुलाई 2022 में हरियाणा की डॉक्टर गुरप्रीत कौर के साथ दूसरा विवाह किया था। गुरप्रीत कौर कुरुक्षेत्र के पिहोवा के गांव गुमथला गढू की हैं। डॉ. गुरप्रीत कौर का परिवार खुद भी सियासी रसूख रखता है।
भगवंत मान की पहली शादी इंद्रप्रीत कौर के साथ हुई थी। मान का बेटा दिलशान मान और बेटी सीरत कौर मान अमेरिका में अपनी मां इंद्रप्रीत कौर के साथ रहते हैं। दोनों बच्चे अपने पिता के सीएम पद के शपथ ग्रहण समारोह में भी आए थे। 20 मार्च 2015 को भगवंत मान और इंद्रप्रीत कौर ने कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक की अर्जी लगाई थी। इस अर्जी में मान का तर्क था कि वे राजनीति के चलते अपनी पत्नी से तलाक ले रहे हैं।
इससे पहले 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पूरे पंजाब खुशखबरी दी थी। जनता को संबोधित करते हुए सीएम मान ने बताया था कि मार्च में मेरे घर खुशियां आने वाली है। सीएम ने कहा कि ये जानकर आपको हैरानी होगी की हमको ये भी नहीं पता है कि लड़का है या लड़की। न ही हमने टेस्ट कराया है। उन्होंने कहा कि बच्चा बस तंदुरुस्त होना चाहिए। लड़के-लड़कियों के चक्कर में न पड़ें और न जांच कराएं कि लड़का है या लड़की। उन्होंने कहा कि क्या पता कि किस रूप में नारायण मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो भी आये स्वस्थ होकर आये। स्वास्थ्य प्रकृति का सबसे बड़ा उपहार है।